विरोध. घटना से आक्रोशित लोगों ने तरैया-पानापुर रोड को किया जाम
पानापुर : पानापुर-तरैया मार्ग पर फकुली गांव के समीप शुक्रवार की शाम ट्रक की चपेट में आ जाने से एक महिला की मौत हो गयी जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया. मृत महिला सीमावर्ती तरैया थाने के पोखरेड़ा गांव निवासी नागेंद्र राय की 32 वर्षीया पत्नी इंदु देवी बतायी जाती है जबकि घायल युवक उसी गांव का राजू कुमार बताया जाता है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार की संध्या करीब सवा छह बजे नागेंद्र राय की पत्नी इंदु देवी, राजू कुमार और एक अन्य युवक सड़क पार कर रहे थे .
इसी दौरान पानापुर से तरैया की ओर जा रहे एक ट्रक की चपेट में आ गये. इस घटना में इंदु देवी और राजू कुमार घायल हो गये, जिन्हें परिजन इलाज के लिए रेफरल अस्पताल तरैया ले गये. गंभीर रूप से घायल इंदु देवी को चिकित्सकों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. वहीं घटना के बाद ट्रकचालक ट्रक लेकर भागने लगा लेकिन पोखरेड़ा बाजार के समीप ग्रामीणों ने ट्रक को चालक सहित पकड़कर पानापुर थाने की पुलिस को सुपुर्द कर दिया. इस संबंध में मृतका के पति नागेंद्र राय ने पानापुर थाने में ट्रकचालक बेगुसराय जिले के मटिहानी थाने के सरेनिया गांव निवासी परमानंद शर्मा पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने ट्रकचालक को छपरा जेल भेज दिया. शनिवार की सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही मृतका का शव पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया. मृतका के चार नाबालिग बच्चों (दो पुत्र एवं दो पुत्री ) के करुण चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया और ग्रामीण आक्रोशित हो गये. ग्रामीणों ने मृतका के शव को सड़क पर रख पानापुर तरैया मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीण वरीय पदाधिकारियों को बुलाने एवं मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे. जाम की सूचना मिलते ही एसडीओ मढ़ौरा संजय कुमार राय और तरैया विधायक मुंद्रिका प्रसाद राय ने मौके पर पहुंचे एवं सड़क जाम कर दिये. आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. तब जाकर सड़क जाम समाप्त हुआ.
