समस्तीपुर: पेड़ से लटकता मिला 18 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…

रिपोर्ट: अंकुर कुमार, समस्तीपुर

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के डढ़िया बेलार गांव के वार्ड संख्या 13 निवासी 18 वर्षीय नीतिश कुमार का शव सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. मृतक की पहचान भगेरन पासवान के पुत्र नीतिश कुमार के रूप में हुई है.

कब्रगाह के पीछे पेड़ से लटकता मिला शव

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे चकअब्दुल गनी मोहल्ला स्थित कब्रगाह के पीछे एक पेड़ से युवक का शव फंदे से झूलता मिला. यह स्थान उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

घर से सुबह टहलने निकला था युवक

मृतक के पिता भगेरन पासवान ने बताया कि नीतिश कुमार ट्रक में खलासी का काम करता था. सोमवार सुबह करीब छह बजे वह घर से पैदल घूमने निकला था. करीब साढ़े नौ बजे ग्रामीणों से उन्हें बेटे के शव मिलने की सूचना मिली.

परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

घटना के बाद परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जतायी है. उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

प्रेम प्रसंग की चर्चा भी

स्थानीय स्तर पर घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चा भी हो रही है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >