Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां भदैया पंचायत के अंतर्गत आने वाले नूनफर गांव में तालाब में डूबने से एक 37 वर्षीय महिला की जान चली गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब महिला अपने घर के पास स्थित तालाब में कपड़े धो रही थी. इस अप्रत्याशित घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.
woman drowns in Pond: पैर फिसलने से गहरे पानी में गई महिला
मृतका की पहचान नूनफर निवासी इंद्रजीत महतो की पत्नी अमेरिका देवी (37 वर्ष) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, अमेरिका देवी रोजमर्रा की तरह तालाब किनारे कपड़े धोने गई थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर तालाब के गहरे पानी में चली गई. महिला को पानी में डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी में उतरकर उसकी काफी खोजबीन की. कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई थी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पाते ही स्थानीय विधायक प्रतिनिधि रवीश कुमार सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी. सूचना पर पुलिस अवर निरीक्षक रामकुमार के नेतृत्व में मोहिउद्दीननगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया.
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
इस अचानक हुए हादसे से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में विश्वकर्मा पूजा को लेकर जश्न का माहौल था, लेकिन महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. मौके पर पहुंचे समाजसेवी सुरेंद्र पटेल, श्याम सुंदर महतो और राजू राम समेत कई अन्य लोग शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाने में जुटे रहे. इलाके में हर कोई इस घटना से दुखी है.
यह भी पढ़ें... हनुमान मंदिर में चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाया चोर, ग्रामीणों ने खदेड़कर दबोचा
