Samastipur News: समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित सिंधिया घाट बाजार में एक वारंटी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई हैं, जबकि पुलिस वाहन के शीशे बुरी तरह टूट गए. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है.
सादे लिबास के कारण उत्पन्न हुई गलतफहमी
ग्रामीणों के अनुसार, छापेमारी करने आई पुलिस टीम सादे लिबास में थी. इस वजह से स्थानीय लोगों को लगा कि कोई अपराधी या असामाजिक तत्व बाजार में घुस आए हैं. इसी गलतफहमी में लोगों ने पुलिस टीम की घेराबंदी कर ली और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसके बाद गुस्साए लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई.
कुख्यात अपराधी चंदन चौधरी की गिरफ्तारी के दौरान हमला
घटना के संबंध में खानपुर थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चंदन चौधरी नामक युवक को गिरफ्तार भी कर लिया. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को ही अपराधी समझकर उन पर हमला बोल दिया.
तीन लोग हिरासत में, जांच जारी
इस पूरे मामले पर रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिंहा से संपर्क किए जाने पर उन्होंने घटना के संबंध में फिलहाल अनभिज्ञता जाहिर की है. फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए तीन लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान में जुटी हुई है. क्षेत्र में स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें... सीतामढ़ी में गांजा तस्कर को भगाने के लिए पुलिस टीम पर हमला
