विभूतिपुर अपराध तांडव: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में बीते 40 दिनों के भीतर हुई चार सिलसिलेवार आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है. लगातार हो रही हत्या, दोहरी हत्या, लूट और जानलेवा गोलीबारी से पूरे इलाके में भय का माहौल है. बेखौफ अपराधी बैक-टू-बैक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. इससे स्थानीय पुलिस की गश्ती और वरीय अधिकारियों के सुपरविजन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
40 दिनों के भीतर घटीं प्रमुख वारदातें:
- 16 जुलाई (ज्वेलरी दुकान में लूट व फायरिंग): सिंघियाघाट पंचवटी चौक स्थित 'दिनेश ज्वेलर्स एंड सन्स' में लूट के प्रयास के दौरान संचालक दिनेश साह को गोली मारी गई. सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी मुख्य आरोपी फरार हैं.
- 16 अगस्त (भिखारी सदा हत्याकांड): गंगौली कामा स्थान वार्ड 4 निवासी 50 वर्षीय भिखारी सदा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक बरामद की, लेकिन खुलासा नहीं हुआ.
- 24 अगस्त (भरपुरा दोहरा हत्याकांड): भरपुरा भोलईया टोला में 70 वर्षीय बंगाली दास और उनकी पत्नी धनमा देवी की घर में घुसकर नृशंस हत्या कर दी गई. डीआईजी, एसपी और एफएसएल जांच के बावजूद हत्यारे पकड़ से बाहर हैं.
- 26 अगस्त (महथी बांध पर युवक पर फायरिंग): दोहरे हत्याकांड के 48 घंटे बाद महथी बांध पर 5 बदमाशों ने आदित्य वत्स उर्फ नवनीत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर चार गोलियां मारीं, युवक की हालत नाजुक है.
कागजी खानापूरी छोड़ ठोस कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सिर्फ एफआईआर और कागजी खानापूरी से अपराध नहीं थमेगा. लोगों ने पुलिस से अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की पुरजोर मांग की है.
ये भी पढ़ें: ताजपुर व बंगरा में चोरों का तांडव, बंद पड़े चार घरों से नकदी व लाखों के जेवरात की चोरी
