Samastipur: ट्रक तलाशी लेने पहुंची पुलिस पर हमला, ASI को बनाया बंधक, महिला कांस्टेबल की रायफल छीनने की कोशिश

समस्तीपुर के उजियारपुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ. ट्रक की तलाशी लेने के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की, एएसआई को बंधक बनाया और महिला कांस्टेबल की रायफल छीनने की कोशिश की. घटना के बाद पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है.

Samastipur News: उजियारपुर थाना क्षेत्र की नाजिरपुर पंचायत स्थित नाजिरपुर हाट के समीप गुरुवार देर रात ट्रक की तलाशी लेने पहुंची पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस का आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर एक एएसआई को बंधक बना लिया और महिला कांस्टेबल की रायफल छीनने की कोशिश की. घटना के बाद पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है.

ट्रक की तलाशी लेने पहुंची थी पुलिस टीम

पुलिस के अनुसार, गुरुवार की देर शाम करीब नौ बजे एएसआई राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस गश्ती टीम बाबू पोखर चौक होते हुए नाजिरपुर गांव की ओर जा रही थी. नाजिरपुर हाट के समीप तीनवटिया पर एक ट्रक खड़ा दिखाई दिया.

पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी लेने की कोशिश की. इसी दौरान वहां मौजूद युवकों से पुलिसकर्मियों की कहासुनी शुरू हो गयी. पुलिस का आरोप है कि युवकों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की की और ट्रक को वहां से लेकर भाग गये.

महिला कांस्टेबल की रायफल छीनने की कोशिश का आरोप

पुलिस के मुताबिक, ट्रक के जाने के बाद मौके पर और युवक जुट गये. आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए एएसआई राजू कुमार को बंधक बना लिया.

एएसआई का आरोप है कि आरोपितों ने उनकी वर्दी से नाम का बैच नोंच लिया और उनके साथ मारपीट करने का प्रयास किया. इस दौरान उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.

पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि शरारती तत्वों ने एक महिला कांस्टेबल के वर्दी का कॉलर पकड़कर उसकी रायफल छीनने की कोशिश की. वहीं एक जवान के सिर पर मुक्का मारकर उसे चोटिल कर दिया गया.

अतिरिक्त बल पहुंचा, एएसआई को कराया मुक्त

घटना की सूचना मिलने के बाद उजियारपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अजीत कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद बंधक बनाए गए एएसआई को मुक्त कराया गया.

पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष के अनुसार, एएसआई राजू कुमार के बयान पर चार नामजद समेत 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

नामजद आरोपितों में रामश्रेष्ठ सिंह के पुत्र सचिन कुमार, रामचंद्र सिंह के पुत्र उदय कुमार, तेज नारायण सिंह के पुत्र संजीत कुमार और पूर्व मुखिया ब्रह्मदेव सिंह के पुत्र सुबोध कुमार शामिल हैं. इनमें सचिन कुमार, उदय कुमार और संजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है.

स्थानीय लोगों ने पुलिस के आरोपों को बताया गलत

दूसरी ओर पूर्व मुखिया ब्रह्मदेव सिंह, पैक्स अध्यक्ष विजय कुमार, अरुण कुमार सिंह समेत अन्य स्थानीय लोगों ने पुलिस के आरोपों को गलत बताया है.

उनका कहना है कि नाजिरपुर हाट के पास सड़क सिंगल होने के कारण ट्रक को साइड लेने में कुछ समय लगा. इसी बात को लेकर गश्ती टीम और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम ने एक बुजुर्ग राम नारायण सिंह के सिर पर टॉर्च से वार किया, जिससे वे घायल हो गये. उनका इलाज कराया जा रहा है.

स्थानीय लोगों ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें

उत्तर बिहार में 30 अगस्त से झमाझम बारिश के आसार, 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >