Samastipur News: कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के शंभूपट्टी मोहल्ला स्थित गैस एजेंसी के समीप समस्तीपुर-ताजपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के विरोध में रविवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के साथ सरकारी मुआवजे की मांग की.
मृतक की पहचान शंभूपट्टी वार्ड-30 निवासी 52 वर्षीय राजेन्द्र पासवान उर्फ राजू पासवान के रूप में हुई है. वह पेशे से ट्रक चालक थे. हादसे में उनका पुत्र सूरज भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है.
यह भी पढ़ें: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, 21 और 22 जुलाई को कई ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट
घर के बाहर बैठे थे पिता-पुत्र, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
परिजनों के अनुसार शनिवार शाम राजेन्द्र पासवान अपने पुत्र सूरज के साथ घर के बाहर बैठे थे. इसी दौरान समस्तीपुर की ओर से कर्पूरीग्राम जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दोनों को टक्कर मारते हुए निकल गई. हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां से राजेन्द्र पासवान को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
शराब के नशे में कार चलाने का आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि कार मोहल्ले का ही एक युवक चला रहा था, जो कथित रूप से शराब के नशे में था. वाहन में उसके साथ तीन अन्य लोग भी सवार थे. दुर्घटना के बाद सभी मौके से फरार हो गए. परिजनों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और सरकारी मुआवजे की मांग की है.
दो बार सड़क जाम, पुलिस के आश्वासन पर खुला रास्ता
हादसे के बाद शनिवार रात लोगों ने घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिया था. सूचना मिलने पर कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटवाया.
इसके बावजूद रविवार सुबह परिजन और स्थानीय लोग फिर सड़क पर उतर आए. बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम किया गया और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया. करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. बाद में पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस फरार चालक और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
