Samastipur News: डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अधीन कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. आरके तिवारी के स्थानांतरण पर भावपूर्ण विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. डॉ. तिवारी का स्थानांतरण कृषि विज्ञान केंद्र, मांझी (सारण) में हुआ है. कार्यक्रम में केंद्र के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया.
किसानों के बीच वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दिया
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आरके तिवारी का कार्यकाल कृषि विज्ञान केंद्र बिरौली के लिए महत्वपूर्ण रहा. उनके नेतृत्व में केंद्र ने कई नवाचारों को बढ़ावा दिया और किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाई. वैज्ञानिक खेती, फसल विविधीकरण, जलवायु अनुकूल कृषि और नई तकनीकों के प्रसार में उनके योगदान की सराहना की गई.
किसानों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रगतिशील किसानों ने भी हिस्सा लिया. किसानों ने कहा कि डॉ. तिवारी के मार्गदर्शन से खेती के प्रति उनका दृष्टिकोण अधिक वैज्ञानिक हुआ और आय बढ़ाने में मदद मिली. किसानों ने उनके सरल स्वभाव, सक्रियता और कृषि क्षेत्र के प्रति समर्पण की भी सराहना की.
कर्मचारियों को एकजुट कर काम करने की क्षमता की सराहना
विश्वविद्यालय के प्रबंध बोर्ड के सदस्य जय कृष्ण झा ने कहा कि स्थानांतरण नौकरी का स्वाभाविक हिस्सा है. एटीएम मारुत नंदन शुक्ला ने कहा कि डॉ. तिवारी ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों के साथ मिलकर काम करने की मिसाल कायम की. उन्होंने कर्मचारियों को एक सूत्र में बांधकर काम लेने की क्षमता की भी सराहना की.
नए कार्यस्थल पर अनुभवों का करेंगे उपयोग
विदाई समारोह में डॉ. आरके तिवारी ने केवीके बिरौली के सभी सहकर्मियों और किसानों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि बिरौली में बिताया गया समय उनके लिए यादगार रहेगा. यहां प्राप्त अनुभवों का उपयोग वे नए कार्यस्थल पर भी करेंगे. उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र और किसानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना हमेशा प्राथमिकता रहा है.
अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मान
कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर बिनीता कश्यप ने किया. अंत में उपस्थित लोगों ने डॉ. तिवारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किया. मौके पर डॉ. धीरु कुमार तिवारी, ई. बिनीता कश्यप, भारती उपाध्याय, सुमित कुमार सिंह सहित केवीके बिरौली के सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे. बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.
यह भी पढ़ें: बेटी को थाना ले जा रहे पिता की हादसे में मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक
