यात्री ध्यान दें: 10 से 17 मई तक कई ट्रेनों का समय बदला, यात्रा से पहले जानें स्टेटस

अगर आप आने वाले दिनों में हावड़ा, कोलकाता या हैदराबाद की यात्रा करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. रेलवे ब्लॉक के कारण बिहार से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से चलेंगी. आपकी ट्रेन प्रभावित है या नहीं, जानें पूरी लिस्ट…

भारतीय रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. आसनसोल रेल मंडल के सीतारामपुर–झाझा रेलखंड स्थित मथुरापुर स्टेशन पर प्री नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को लेकर 10 मई से 17 मई तक ब्लॉक लिया गया है.

इस वजह से बिहार से हावड़ा, कोलकाता और हैदराबाद जाने वाली कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा. कई ट्रेनें 8 से 9 घंटे तक देरी से चलेंगी.

रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस का समय बदला

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 13044 रक्सौल–हावड़ा एक्सप्रेस 9 मई को रक्सौल स्टेशन से 7 घंटे और 16 मई को 8 घंटा 30 मिनट की देरी से खुलेगी.

वहीं, गाड़ी संख्या 17006 रक्सौल–हैदराबाद एक्सप्रेस 10 मई को 1 घंटा 30 मिनट और 17 मई को 3 घंटा 10 मिनट की देरी से रवाना होगी.

दरभंगा और कोलकाता रूट की ट्रेनें भी प्रभावित

गाड़ी संख्या 17008 दरभंगा–चारलापल्ली एक्सप्रेस 15 मई को दरभंगा से 3 घंटे देरी से चलेगी.

इसी तरह, डाउन दिशा की गाड़ी संख्या 15233 कोलकाता–दरभंगा मैथिली एक्सप्रेस 14 मई को 1 घंटा 45 मिनट और 15235 हावड़ा–दरभंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस 16 मई को 2 घंटा 15 मिनट देरी से चलेगी.

अकाल तख्त और गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस भी प्रभावित

गाड़ी संख्या 12317 कोलकाता–अमृतसर अकाल तख्त एक्सप्रेस 10 और 17 मई को 3 घंटा 15 मिनट की देरी से संचालित होगी.

वहीं, 13508 गोरखपुर–आसनसोल एक्सप्रेस 9 मई को 4 घंटा 15 मिनट और 16 मई को 6 घंटे देरी से गोरखपुर स्टेशन से खुलेगी.

यात्रियों को रेलवे की सलाह

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.

समस्तीपुर से अमन कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >