Thaneshwar Sthan Temple: सावन की पहली सोमवारी को लेकर शहर के आस्था के प्रमुख केंद्र थानेश्वर स्थान मंदिर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सोमवार सुबह 4 बजे बाबा के गर्भगृह का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा. इसके बाद रुद्राभिषेक, विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का क्रम शुरू होगा.
श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश और निकास व्यवस्था
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की है. श्रद्धालुओं का प्रवेश सिंहद्वार से होगा. गर्भगृह में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं. जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु उत्तरी द्वार से बाहर निकलेंगे, जिससे आवागमन सुचारु बना रहेगा.
मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है. वहीं, मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
सीसीटीवी और सुरक्षा बल रहेंगे तैनात
थानेश्वर स्थान मंदिर के मुख्य पंडा संजय पंडा ने बताया कि पहली सोमवारी को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी और पूरे मंदिर परिसर की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की.
