Vibhutipur River Accident: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी उत्तर पंचायत स्थित सोनवारचक वार्ड 3 निवासी 13 वर्षीय छात्रा आयुषी कुमारी का शव बूढ़ी गंडक नदी से बरामद कर लिया गया. मंगलवार की शाम पुराने रेलवे पुल से नदी में गिरने के बाद से वह लापता थी. दूसरे दिन महथी पुल से आगे नदी के पानी में शव तैरता हुआ मिला. एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला.
एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. आयुषी सोनवारचक वार्ड 3 निवासी पंकज झा की पुत्री और वर्ग आठ की छात्रा थी.
बताया जाता है कि मंगलवार की शाम करीब छह बजे वह पुराने रेलवे पुल से होकर रोसड़ा जा रही थी. इसी दौरान अचानक नदी में गिर गयी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी और लोगों ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की.
बाद में पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. दूसरे दिन महथी पुल से आगे नदी के पानी में आयुषी का शव तैरता हुआ मिला, जिसके बाद टीम ने शव को बाहर निकाला.
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को आयुषी का शव घर पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. गांव में भी मातम पसरा रहा.
इसके बाद बूढ़ी गंडक नदी के पुल घाट के समीप आयुषी का अंतिम संस्कार किया गया. बड़े भाई कुंदन झा ने मुखाग्नि दी. घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: पूसा में मसाला क्रेता-विक्रेता सम्मेलन, बिहार से निर्यात बढ़ाने पर जोर
