Sarairanjan News: सरायरंजन थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव स्थित एक विद्यालय के समीप शनिवार दोपहर तालाब में डूबने से छठी कक्षा के छात्र की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने छात्र का शव सरायरंजन बाजार चौराहा पर रखकर सड़क जाम कर दिया और विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.
पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा छात्र
मृत छात्र की पहचान सरायरंजन नगर पंचायत के द्वारिकापुर वार्ड संख्या 4 निवासी विमल राय के 10 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, पिंटू शनिवार को पढ़ाई के लिए विद्यालय गया था. विद्यालय के समीप स्थित तालाब पर वह पैर धोने गया, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई.
विद्यालय प्रबंधन पर उठे सवाल
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. बाद में आक्रोशित लोगों ने छात्र का शव सरायरंजन बाजार चौराहा पर रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि विद्यालय परिसर चहारदीवारी से घिरा होने के बावजूद छात्र स्कूल से बाहर कैसे निकल गया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
सूचना मिलने पर सरायरंजन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच वार्ता चलती रही. सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि छात्र की मौत के मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
परिवार में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: उजियारपुर में ई-रिक्शा की टक्कर से पांच वर्षीय बच्ची की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
