समस्तीपुर पुलिस की बड़ी सफलता, चुराई गई भगवान की छह मूर्तियां बरामद

समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित महामंडलेश्वर 24 अवतार धाम चकोटी मठ मंदिर से चोरी हुई छह मूर्तियां पुलिस ने बरामद कर ली हैं. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही चोरी में प्रयुक्त कार और अन्य सामान भी जब्त किया गया है.

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित महामंडलेश्वर 24 अवतार धाम चकोटी मठ मंदिर के गर्भगृह से चोरी हुई छह मूर्तियों को पुलिस ने बरामद कर लिया है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त एर्टिगा कार, दान पात्र, 400 रुपये और अन्य सामान भी जब्त किया है. पूरे मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता में किया.

छह मूर्तियां और चोरी का सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंधियाघाट निवासी नंदकिशोर महतो, छोटू कुमार और गुड्डु कुमार के रूप में हुई है. इनके पास से श्रीरामलला, श्रीराम, श्रीजानकी, लड्डू गोपाल, श्रीहनुमान और श्रीलक्ष्मण की छह मूर्तियां बरामद की गई हैं. साथ ही घटना में प्रयुक्त एर्टिगा कार, दान पात्र और नकदी भी जब्त की गई है.

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर किया खुलासा

एसपी ने बताया कि 12 जुलाई की रात चकोटी मठ मंदिर के गर्भगृह से मूर्तियों और पूजा सामग्री की चोरी हुई थी. मंदिर के पुजारी महंत राम सेवक दास शास्त्री के आवेदन पर खानपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. इसके बाद सदर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. पुलिस ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई मूर्तियां सुरक्षित बरामद कर लीं.

कई मंदिरों में चोरी की वारदात कबूली

पूछताछ में आरोपियों ने समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम, हथौड़ी और खानपुर के अलावा दरभंगा जिले के बहेड़ी और बिरौल थाना क्षेत्रों के मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान विभिन्न स्थानों से चोरी की गई पीतल की घंटियां, पूजा सामग्री और पीतल के बर्तन भी बरामद किए हैं.

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ बेगूसराय, सीतामढ़ी और समस्तीपुर जिलों में डकैती, चोरी और हथियार बरामदगी से जुड़े कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में बाल संरक्षण व्यवस्था की जांच, बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा पर दिया जोर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankur kumar

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >