सास को लूटने के बाद हत्या की थी साजिश! शिवाजीनगर कांड में बड़ी बहू मास्टरमाइंड, एक गिरफ्तार

समस्तीपुर में घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय महिला से लूटपाट मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पीड़िता की बड़ी बहू पर मास्टरमाइंड होने का आरोप है, जिसके चलते पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

समस्तीपुर: शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के अखतबारा गांव में 10 सितंबर की रात घर में अकेली रह रही 55 वर्षीय पूनम देवी के साथ मारपीट कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण एवं अन्य सामान लूटे जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में पीड़िता की बड़ी बहू को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए घटना में कथित रूप से शामिल सिसई गांव निवासी शिवम कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

सोमवार को शिवाजीनगर थाना परिसर में रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों को मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना के बाद पीड़िता पूनम देवी के लिखित आवेदन पर शिवाजीनगर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ायी, जिसके बाद पुलिस घटना में शामिल आरोपितों तक पहुंची.

नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर की थी लूट

रोसड़ा डीएसपी ने बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे पूनम देवी अपने घर में अकेली टीवी देख रही थीं. इसी दौरान दो नकाबपोश अपराधी घर के पीछे स्थित गाछी के रास्ते घर में दाखिल हुए. दोनों ने बिना कुछ पूछे महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. विरोध करने पर पीवीसी पाइप से भी उनकी पिटाई की गयी.

आरोप है कि बदमाशों ने पूनम देवी के शरीर पर पहने आभूषण छीन लिये. इसके बाद उनसे घर की चाबी लेकर आलमारी खोली गयी और उसमें रखे कीमती सामान भी लूट लिये गये. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश छत की ओर गये और पीछे के रास्ते से फरार हो गये.

नशीले पदार्थ के सेवन के बाद घटना को अंजाम देने का आरोप

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार शिवम कुमार ने कथित तौर पर बताया कि घटना को अंजाम देने से पहले वह अपने साथियों के साथ घर के पीछे गाछी में गया था, जहां उन्होंने नशीले पदार्थ का सेवन किया. इसके बाद दो लोग घर में प्रवेश कर लूटपाट करने पहुंचे थे.

पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने रास्ते में कुत्तों से बचने के लिए डंडा भी साथ रखा था. लूटे गये सामान के साथ वे खेत के रास्ते सिसई गांव की ओर चले गये.

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गये सामान और घटना में इस्तेमाल किये गये कई सामान बरामद किये गये हैं.

बड़ी बहू पर मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले में परिवार एवं आसपास के कुछ लोगों की संलिप्तता की आशंका हुई.

जांच के दौरान घर के आंगन में चापाकल के पास से धमकी भरे स्लोगन लिखी एक पर्ची भी बरामद हुई. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. इसी क्रम में सिसई गांव निवासी शिवम कुमार का नाम सामने आया. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और पीड़िता की बड़ी बहू को मुख्य साजिशकर्ता बताया.

थानाध्यक्ष के अनुसार, पीड़िता के बड़े पुत्र की वर्ष 2014 में मनीषा कुमारी से शादी हुई थी. पीड़िता का बड़ा पुत्र निजी काम करता था, लेकिन कुछ महीने बाद उसकी नौकरी छूट गयी. इसके बाद सास और बहू के बीच कथित रूप से अनबन रहने लगी. पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद बड़ी बहू ने अपनी सास के खिलाफ साजिश रचनी शुरू कर दी.

फरवरी में मिठाई के जरिये साजिश का आरोप

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार शिवम कुमार ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि बीते फरवरी महीने में भी पीड़िता के खिलाफ कथित रूप से साजिश रची गयी थी. बड़ी बहू ने शिवम को शिवाजीनगर बुलाया और एक किलो मिठाई खरीदकर उसमें कथित रूप से केमिकल का स्प्रे करने के बाद वह मिठाई पीड़िता को देने की बात कही थी.

शिवम को मिठाई पर संदेह हुआ. उसने घर जाने के रास्ते में उसमें से एक मिठाई का टुकड़ा कुत्ते को खिला दिया. पुलिस के अनुसार, मिठाई खाने के बाद कुत्ते की मौत हो गयी, जिसके बाद उसने पूरी मिठाई फेंक दी और उसे पीड़िता तक नहीं पहुंचाया.

रुपये का लालच देकर घर की जानकारी लेने का आरोप

थानाध्यक्ष ने बताया कि इसके बाद भी बड़ी बहू ने कथित रूप से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से शिवम से संपर्क बनाये रखा और सास के खिलाफ कार्रवाई के लिए उसे तैयार करती रही. पुलिस के अनुसार, रुपये का प्रलोभन देकर घर की गतिविधियों की जानकारी भी उसे दी जाती थी.

गिरफ्तार शिवम ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि बड़ी बहू द्वारा सास को जान से खत्म करने की बात भी कही जाती थी. पुलिस के अनुसार, इसी कथित योजना के तहत लूटपाट के बाद पूनम देवी की गला दबाकर हत्या करने की बात तय की गयी थी.

ग्लव्स नहीं मिलने पर खुला हाथ लेकर पहुंचे आरोपी

थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना के दौरान आरोपितों को हाथ में ग्लव्स पहनने की योजना थी, ताकि कोई साक्ष्य न छूटे. हालांकि, ग्लव्स नहीं मिल सके. इसके बाद दोनों आरोपित घर में घुसे, महिला के साथ मारपीट की और लूटपाट कर फरार हो गये.

पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जब पुलिस गांव पहुंचकर जांच कर रही थी, तब गिरफ्तार बड़ी बहू द्वारा कथित रूप से घटना में शामिल बदमाशों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही थी. पुलिस का कहना है कि उसे गांव से बाहर चले जाने की सलाह भी दी गयी थी और मामला शांत होने के बाद वापस आने की बात कही गयी थी.

पांच पन्नों की धमकी भरी पर्ची ने खोले राज

थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल के पास से पांच पन्नों में लिखी धमकी भरी पर्ची बरामद हुई. पर्ची में मुकदमा नहीं उठाने पर पूनम देवी सहित उनके बेटे और दोनों पोता-पोती को जान से मारने की धमकी दी गयी थी. पुलिस ने इस पर्ची को भी जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में लिया है.

गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं, घटना में शामिल फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गये सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है. छापेमारी एवं अनुसंधान टीम में शिवाजीनगर थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता रविंद्र कुमार, अपर थानाध्यक्ष पुअनि प्रवीण कुमार, पुअनि मीनू कुमारी, प्रशिक्षु पुअनि नीतीश कुमार तथा थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे.

यह भी पढ़ें

मोरवा में PM सूर्य घर योजना की रफ्तार पर सवाल, लाभुकों ने CIBIL को लेकर बतायी परेशानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Girija nandan sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >