समस्तीपुर: बंगाल के 5 करोड़ ज्वेलरी लूटकांड में समस्तीपुर से दो कुख्यात गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद के सेंको ज्वेलरी शॉप लूटकांड में बंगाल पुलिस और एसटीएफ ने समस्तीपुर से दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी के घर से करोड़ों के गहने बरामद होने की बात सामने आई है. पढ़ें पूरी खबर…

समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट

Samastipur News: पश्चिम बंगाल पुलिस, स्थानीय एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित सेंको ज्वेलरी शॉप लूटकांड मामले में दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपितों पर करोड़ों रुपये के स्वर्णाभूषण और नकदी लूटने का आरोप है.

बंगाल पुलिस, एसटीएफ और नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 14 मई को मुर्शिदाबाद स्थित सेंको ज्वेलरी शॉप में अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 3 लाख रुपये नकद लूट लिए थे.

मंगलवार रात बंगाल पुलिस ने समस्तीपुर में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी के घर से बरामद हुए करोड़ों के स्वर्णाभूषण

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में अमन कुमार सिंह के घर छापेमारी की गई.

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण बरामद किए गए हैं. हालांकि पुलिस ने अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देते हुए आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और उनकी निशानदेही पर अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है.

गिरफ्तार अमन का रहा है लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमन कुमार सिंह अंतरराज्यीय सोना लूट गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है.

बताया जाता है कि वर्ष 2023 में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में हुई करीब 8 करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूटकांड में भी उसका नाम सामने आया था. इसके अलावा वर्ष 2021 में पटना के कदमकुआं इलाके में जिम ट्रेनर हत्या मामले में भी वह जेल जा चुका है.

पुलिस को आशंका है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है. मामले में आगे की जांच जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >