सरायरंजन संजीव कुमार गिरि: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पटना के भागवत नगर में आयोजित 26वें बिहार सम्मान समारोह में सरायरंजन प्रखंड के हरसिंगपुर निवासी संजीव कुमार गिरि को सम्मानित किया गया. पैराशूट प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच मेडल जीतने पर उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. संजीव की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे सरायरंजन और समस्तीपुर जिले में खुशी का माहौल है.
बिहार डिसेबल्ड स्पोर्ट्स अकैडमी ने किया सम्मानित
संजीव कुमार गिरि पूर्व सैन्य अधिकारी गणेशानंद गिरि के पुत्र हैं. उन्हें बिहार डिसेबल्ड स्पोर्ट्स अकैडमी की ओर से यह सम्मान प्रदान किया गया. राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित समारोह में उनकी खेल उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया. अंतरराष्ट्रीय पैराशूट प्रतियोगिता में पांच मेडल जीतकर संजीव ने बिहार और देश का नाम रोशन किया है.
वर्ल्ड पैराशूटिंग के साथ खेलो इंडिया पैरा गेम्स में भी जीते मेडल
संजीव कुमार गिरि ने वर्ल्ड पैराशूटिंग प्रतियोगिता में पांच मेडल हासिल किए हैं. इसके अलावा उन्होंने खेलो इंडिया पैरा गेम्स में भी कई पदक अपने नाम किए हैं. लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण उन्हें पैरा खेल जगत के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिना जा रहा है.
चेन्नई में ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं संजीव
खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने के साथ संजीव कुमार गिरि पेशेवर जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं. वह फिलहाल भारतीय लेखा एवं सांख्यिकी विभाग, चेन्नई में ऑडिटर के पद पर कार्यरत हैं. नौकरी के साथ खेल में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर उन्होंने युवाओं के लिए एक प्रेरक उदाहरण पेश किया है.
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई लोगों ने दी बधाई
संजीव कुमार गिरि को सम्मान मिलने पर स्थानीय विधायक सह राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने उन्हें बधाई दी. प्रखंड प्रमुख वीणा कुमारी, उप प्रमुख संजीव कुमार ठाकुर, सरायरंजन नगर पंचायत की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, समस्तीपुर दक्षिणी भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर झा और भाजपा नेता प्रो. अमरेंद्र कुमार समेत कई लोगों ने संजीव की उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढ़ें:
बिना जमीन बढ़ाए बदल रहा समस्तीपुर का वाशिंग पिट, अब एलएचबी ट्रेनों की भी होगी सफाई
