प्रतिनिधि, सरायरंजन : सरायरंजन प्रखंड मुख्यालय स्थित आधार नामांकन केंद्र पर आधार कार्ड बनाने एवं उसमें सुधार कराने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से ₹200 से ₹300 तक वसूले जाने का मामला सामने आया है. इसको लेकर आम लोगों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. आधार कार्ड बनवाने पहुंचे लोगों का आरोप है कि प्रखंड मुख्यालय में केवल एक ही आधार केंद्र संचालित होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि बिना पैसे दिए आधार कार्ड बनाने या सुधार का कार्य नहीं किया जाता. कई बार उन्हें यह कहकर वापस लौटा दिया जाता है कि सर्वर नहीं चल रहा है या संबंधित कर्मी उपलब्ध नहीं है. लेकिन जब लोग बार-बार अनुरोध करते हैं, तब उनसे रुपये की मांग की जाती है और पैसे देने के बाद उनका काम तुरंत कर दिया जाता है. लोगों का कहना है कि सरकारी सेवा के लिए निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद इस तरह की अवैध वसूली आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है. इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि आधार केंद्र पर रुपये लेने की शिकायत मिली है. संबंधित कर्मी को सख्त चेतावनी दी गई है. उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में दोबारा रुपये लेने की शिकायत मिली तो संबंधित कर्मी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
सरायरंजन प्रखंड मुख्यालय में आधार कार्ड बनाने- सुधारने के नाम पर वसूली, ₹200 से ₹300 लेने का आरोप
सरायरंजन प्रखंड मुख्यालय में आधार कार्ड बनाने और सुधार के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। प्रशासन ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

आधार कार्ड केंद्र में उपस्थित पीड़ित | Prabhat Khabar Network