Samastipur News: समस्तीपुर जिले की विद्यापतिनगर थाना पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो शातिर युवकों को एक लोडेड पिस्टल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. विद्यापतिनगर के थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि यह कामयाबी विद्यापतिनगर स्मारक-सुहानीपुर मुख्य सड़क पर चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मिली है.
दियारा क्षेत्र के बड़े तस्कर चढ़े हत्थे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान बेगुसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत समसीपुर दियारा गांव निवासी रामश्लोक यादव के पुत्र गुलशन यादव और इसी गांव के जगदीश यादव के पुत्र संजय यादव के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों युवक लंबे समय से इस इलाके में आर्म्स की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क में संलिप्त थे. पुलिस को इनके मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद जाल बिछाकर दोनों को दबोच लिया गया.
अवैध हथियार निर्माण इकाई का होगा भंडाफोड़
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बछवाड़ा और विद्यापतिनगर से सटे दियारा के इन सुदूर क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध आर्म्स और देसी शराब का निर्माण किया जा रहा है. गिरफ्तार तस्करों को हिरासत में लेकर पुलिस की एक विशेष टीम कड़ी पूछताछ में जुटी है. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों पर एक बड़ी छापेमारी कर बड़ाभंडाफोड़ किया जा सकता है.
