Samastipur News: पंसस और बीडीओ में भिड़ंत, समर्थकों ने प्रखंड कार्यालय में की तोड़फोड़, सरकारी फाइलें फाड़ीं

Samastipur News:समस्तीपुर के विभूतिपुर प्रखंड कार्यालय में योजना भुगतान के विवाद को लेकर पंसस समर्थकों ने भारी हंगामा और तोड़फोड़ की. बीडीओ से बदसलूकी और सरकारी फाइलें फाड़े जाने के बाद कर्मियों में भारी आक्रोश है.पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड मुख्यालय पर सोमवार को उस समय रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब पंचायत समिति सदस्य (पंसस) और बीडीओ सुनील कुमार के बीच तीखी भिड़ंत हो गई. आरोप है कि पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार ने बीडीओ के साथ गाली-गलौज की. इसके बाद भड़के समर्थकों ने प्रखंड कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों व फाइलों को फाड़कर बिखेर दिया. घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जिससे प्रखंड कर्मियों में भारी आक्रोश है.

गलत भुगतान के दबाव में महिलाओं को किया गुमराह

प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि दिलीप नारायण सिंह ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में ऐसी अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अधिकारियों व कर्मचारियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पंसस प्रदीप कुमार बीडीओ पर दबाव बनाकर गलत योजना का भुगतान कराना चाहते थे. इसी मकसद से उन्होंने महिलाओं को गुमराह किया और प्रखंड कार्यालय भेजकर इस निंदनीय घटना को अंजाम दिलवाया. दूसरी तरफ, पंसस प्रदीप कुमार ने बीडीओ पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए इस पूरी घटना को राजनीति से प्रेरित बताया है.

दफ्तर को बनाया निशाना, मूकदर्शक बनी रही पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंसस समर्थकों ने कार्यालय परिसर में रखे फर्नीचर, कुर्सियां और टेबल उखाड़फेंके. हंगामे की सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ पहुंचे, लेकिन पुलिसकर्मी हस्तक्षेप करने के बजाय मूकदर्शक बने रहे. बाद में कुछ प्रमुख लोगों ने बीच-बचाव कर भीड़ को शांत कराया. इस मामले में एक स्थानीय यूट्यूबर पर भी भीड़ को भड़काने का आरोप लगा है.

कर्मचारियों में आक्रोश, FIR दर्ज कराने की तैयारी

बीडीओ सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए इसकी जानकारी जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दे दी है. प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों ने बैठक कर पुलिस को लिखित आवेदन देने का निर्णय लिया है. इधर, मौके पर पहुंचे भाजपा नेता अरविंद कुमार कुशवाहा और माकपा के अंचल मंत्री सह पंसस मिथिलेश सिंह ने भी घटना की निंदा की है.थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस को लिखित आवेदन का इंतजार है, जिसके मिलते ही अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >