Samastipur News: समस्तीपुर जिला के नगर थाना क्षेत्र के ताजपुर रोड स्थित महादेव चौक के समीप चंद्रा मार्केट में सोमवार की देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. बेखौफ बदमाशों ने एक अधिवक्ता के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के समय गृहस्वामी और उनका परिवार घर में ही सो रहा था, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी .
सुबह बिखरा सामान देख उड़े होश
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अधिवक्ता अजय कुमार झा के घर सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से प्रवेश किया. बदमाशों ने घर के विभिन्न कमरों को खंगाला और वहां रखे कीमती सामान को समेट लिया. मंगलवार की सुबह जब परिवार के लोग नींद से जागे, तो घर का सारा सामान बिखरा और बक्से-आलमरी के ताले टूटे हुए मिले. सामान को अस्त-व्यस्त देख परिजनों के होश उड़ गए और उन्हें चोरी की इस बड़ी घटना का पता चला .
65 लाख के जेवर और कैश ले उड़े चोर
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पीड़ित के घर पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.पीड़ित अधिवक्ता ने नगर थाना पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी है. पुलिस को दिए आवेदन में अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर करीब 65 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 55 हजार रुपये नकद चोरी करने का आरोप लगाया गया है .
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने निरीक्षण किया
थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चंद्रा मार्केट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा .
रिपोर्ट अंकुर कुमार, समस्तीपुर
