Samastipur News: समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दहियाररन्ना पंचायत के शहरु गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है.यहाँ नए शौचालय के सेफ्टी टैंक की शटरिंग खोलने के दौरान दम घुटने से गृहस्वामी की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने गए राजमिस्त्री और दो मजदूर भी टैंक के भीतर बेहोश हो गए. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. मृतक की पहचान शहरू गांव निवासी 62 वर्षीय पलटन ठाकुर के रूप में हुई है.
मिस्त्री को बचाने के चक्कर में गई जान
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पलटन ठाकुर हजामत (नाई) का काम कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उन्होंने हाल ही में अपने घर में एक नया सेफ्टी टैंक बनवाया था. सोमवार को राजमिस्त्री और मजदूर टैंक के भीतर लगी लकड़ी की शटरिंग को हटाने के लिए नीचे उतरे थे. जैसे ही मिस्त्री झिलमिल दास सीढ़ी के सहारे टैंक के अंदर पहुंचे, वहां जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने से वह बेहोश होकर नीचे गिर पड़े. अपने मिस्त्री को गिरता देख गृहस्वामी पलटन ठाकुर बिना सोचे-समझे उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतर गए, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए.
डीएमसीएच रेफर, परिजनों में मचा कोहराम
इसके बाद दोनों को बचाने के लिए मजदूर अजय कुमार अपने एक अन्य साथी के साथ टैंक में उतरा, लेकिन वे दोनों भी ऑक्सीजन की कमी से वहीं बेहोश होकर गिर पड़े. चारों को भीतर गिरा देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने भारी मशक्कत से सबको बाहर निकालकर बहेड़ी अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने पलटन ठाकुर को मृत घोषित कर दिया. वहीं मिस्त्री झिलमिल दास और मजदूर अजय कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें दरभंगा डीएमसीएच रेफर किया गया है. घटना की सूचना पर शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच शुरू करा दी है.
