Samastipur News: समस्तीपुर के मोरवा (हलई) थाना क्षेत्र में हुए चर्चित राजा सहनी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने घटना के मुख्य साजिशकर्ता और मृतक के साले बॉबी साहनी को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस अब तक कुल 7 आरोपियों को दबोच चुकी है.
पैसों के लेनदेन में रची गई खूनी साजिश
घटना इसी वर्ष 15 जनवरी की रात की है. बेगूसराय जिले के शकरपुरा निवासी राजा सहनी अपने ससुराल दादनपुर आया था. राजा ने पूर्व में अपने ससुराल वालों की आर्थिक मदद की थी. जब उसने ससुराल पहुंचकर अपने बकाए पैसों की मांग की, तो ससुराल पक्ष के लोग भड़क गए. विवाद इतना बढ़ा कि उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच दी गई. इस खूनी साजिश में मृतक की पत्नी ने भी अपने मायके वालों का साथ दिया.
चौर में ले जाकर की बेरहमी से हत्या
मास्टरमाइंड बॉबी साहनी ने पूरी प्लानिंग के तहत राजा को वरुणा पुल के पास एक चौर (मैदान) में ले गया. वहां उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से राजा को बुरी तरह पीटा और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को वहीं फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद किया.
थानाध्यक्ष की मुस्तैदी से केस सुलझा
हलई थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 12/2026 दर्ज की गई थी. थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने मामले के अनुसंधान की कमान संभाली. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है.
