Samastipur News: मौसम विभाग अलर्ट: उत्तर बिहार में अगले 48 घंटे झमाझम बारिश और तेज हवा के आसार, जानें आगे कैसा रहेगा मिजाज

Samastipur News: उत्तर बिहार में अगले 48 घंटों के दौरान आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद मौसम शुष्क होगा और उमस बढ़ेगी.पढे़ं पूरी खबर…

Samastipur News: उत्तर बिहार के जिलों में रहने वाले लोगों के लिए मौसम से जुड़ी एक बड़ी खबर है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संयुक्त रूप से 30 मई से 3 जून 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार, अगले दो दिनों तक पूरे क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला रहेगा और झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना बनी हुई है.

अगले 48 घंटे बरसेंगे बदरा, 30 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं. इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी और मौसम में नरमी देखी जाएगी. हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन क्षेत्रों में बारिश होगी, वहां 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चल सकती हैं. इस दौरान वज्रपात (आकाशीय बिजली) की भी आशंका है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

दो दिनों के बाद शुष्क होगा मौसम, बढ़ेगी उमस

शुरुआती दो दिनों की बारिश और आंधी के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह करवट लेगा. मौसम विभाग के अनुसार, दो दिनों के बाद आसमान साफ होने और मौसम के आमतौर पर शुष्क रहने का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार काफी कम हो जाएगी और अधिकांश क्षेत्रों में 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से पुरवा हवा चलेगी. आगामी पांच दिनों के दौरान तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. बारिश के चलते शुरुआती दिनों में तो राहत रहेगी, लेकिन मौसम शुष्क होते ही उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >