Samastipur News: ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 स्थित काली पोखर के समीप नवनिर्मित मंदिर में नौ दिवसीय महारुद्र यज्ञ को लेकर सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. इस धार्मिक आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया. कलश यात्रा में पारंपरिक परिधानों में सजी 551 कुमारी कन्याओं और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया. श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा.
नगर भ्रमण के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापित
शोभायात्रा में शामिल कन्याओं ने सबसे पहले ऐतिहासिक काली पोखर से वैदिक रीति-रिवाज के साथ कलश में पवित्र जल भरा. इसके बाद हाथ में कलश लिए श्रद्धालुओं का हुजूम मोतीपुर, निमचौक, थाना चौक और मनसा नगर आदि विभिन्न मुख्य क्षेत्रों से होते हुए नगर भ्रमण पर निकला. पूरे नगर का चक्कर काटने के बाद कलश यात्रा वापस यज्ञ स्थल पर पहुंची. जहाँ बनारस से आए विद्वान पंडितों द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य पंडाल में कलश स्थापित कराया गया.
आयोजन में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग हुए शामिल
इस पावन अवसर पर यज्ञ समिति के सदस्यों के साथ-साथ क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. इनमें मुख्य रूप से चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष चौधरी, वार्ड पार्षद दिनेश साह, सुबोध साह, भविक्षण चौधरी, कृष्ण मोहन गुप्ता, अमरनाथ साह, मुखिया राजीव ठाकुर, विश्वनाथ सिंह राकेश, अभय सिंह और श्याम साह आदि शामिल थे. इन सभी ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर क्षेत्र की शांति और समृद्धि की कामना की. यज्ञ समिति ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन प्रवचन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा.
समस्तीपुर के ताजपुर से मुकुल उपाध्याय की रिपोर्ट
