Samastipur News: ताजपुर प्रखंड निवासी फर्ज़ूक हसन ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय पटल पर राज्य का नाम रोशन किया है. दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम के छात्र फर्ज़ूक को नेशनल स्पेस सोसाइटी (NSS) द्वारा अमेरिका के वर्जीनिया में आयोजित होने वाले 44वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष विकास सम्मेलन (ISDC) 2026 के लिए आधिकारिक निमंत्रण भेजा गया है.
अमेरिका में दिखाएंगे अपनी वैज्ञानिक सूझबूझ
यह प्रतिष्ठित सम्मेलन 4 जून से 7 जून, 2026 तक वर्जीनिया के ‘हिल्टन मैक्लीन टायसन कॉर्नर’ में आयोजित होगा. फर्ज़ूक को न केवल सम्मेलन में शामिल होने के लिए बुलाया गया है, बल्कि उनकी विशेष शोध प्रविष्टि के आधार पर उन्हें ‘फॉर्मल साइंटिफिक पोस्टर सेशन’ में अपना प्रोजेक्ट प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला है.
बज एल्ड्रिन जैसी हस्तियों वाले बोर्ड से सम्मान
फर्ज़ूक को ‘संडे स्टूडेंट रिकग्निशन सेरेमनी’ में विशेष तौर पर सम्मानित किया जाएगा, जहाँ उन्हें ISDC 2026 मान्यता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा. इस निमंत्रण पत्र पर डॉ. पास्कल ली और कार्लटन डी. जॉनसन जैसे दिग्गजों के हस्ताक्षर हैं. खास बात यह है कि इस संस्था के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स में महान अंतरिक्ष यात्री बज एल्ड्रिन जैसे नाम शामिल हैं. शिक्षाविद मसूद हसन के पुत्र फर्ज़ूक की इस उपलब्धि पर डीईओ कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं. यह सफलता भारत के भविष्य के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों की बढ़ती क्षमता का प्रतीक है.
समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
