समस्तीपुर: रुपये लेने का वीडियो वायरल होने पर एसपी का बड़ा एक्शन, एएसआई निलंबित

Samastipur News: रोसड़ा थाना में कार्यरत एएसआई योगेश्वर साह का रुपये लेते वीडियो वायरल होने पर एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया है. डीएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है. सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद प्रताप सिंह ने त्वरित कार्रवाई की है. उन्होंने रोसड़ा थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) योगेश्वर साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो, डीएसपी ने की मामले की जांच

जानकारी के अनुसार, हाल ही में एएसआई योगेश्वर साह का एक व्यक्ति से किसी केस के सिलसिले में अवैध रूप से रुपये लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. मामला जैसे ही पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आया, उन्होंने इसे बेहद गंभीरता से लिया. एसपी ने तुरंत रोसड़ा डीएसपी को पूरे मामले की बारीकी से जांच करने और रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया था.

तत्काल प्रभाव से निलंबन, विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी होगी शुरू

डीएसपी द्वारा मामले की जांच कर समर्पित किए गए प्रतिवेदन (रिपोर्ट) के आधार पर एएसआई को दोषी पाया गया. इसके तुरंत बाद एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए योगेश्वर साह को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. एसपी ने स्पष्ट किया है कि निलंबन के साथ ही आरोपी एएसआई के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी चलाई जाएगी. इस बड़ी कार्रवाई से जिले के अन्य पुलिसकर्मियों में भी हड़कंप मच गया है.

समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >