समस्तीपुर: अगरौल से चोरी ट्रैक्टर बेतिया से बरामद, चोर गिरोह के 8 अपराधी गिरफ्तार

Samastipur News: सिंघिया पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के 8 अपराधियों को गिरफ्तार कर बेतिया से चोरी का ट्रैक्टर बरामद किया है. गिरोह की निशानदेही पर अन्य थानों से चोरी दो वाहन भी जब्त किए गए हैं. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: जिले की सिंघिया थाना पुलिस को वाहन चोरों के एक बड़े अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने सिंघिया के अगरौल गांव से चोरी हुई ट्रैक्टर को पश्चिम चंपारण के बेतिया से बरामद कर लिया है. इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 8 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो वैशाली और बेतिया के रहने वाले हैं.

विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान से दबोचा, अर्टिगा कार भी जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें सिंघिया थाना और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) समस्तीपुर के पदाधिकारी शामिल थे. पुलिस ने तकनीकी और परंपरागत अनुसंधान के जरिए गिरोह के 9 में से 8 अपराधियों को धर दबोचा. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की जाने वाली एक अर्टिगा कार को भी जब्त किया है, जिससे अपराधी वारदातों को अंजाम देते थे.

उजियारपुर और कल्याणपुर से चोरी ट्रैक्टर-पिकअप भी बरामद, कई थानों में कबूला जुर्म

पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने न सिर्फ अगरौल से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद किया, बल्कि उजियारपुर थाना क्षेत्र से चोरी एक अन्य ट्रैक्टर और कल्याणपुर थाना क्षेत्र से चोरी गई एक पिकअप वैन भी बरामद की है. पूछताछ में अपराधियों ने रोसड़ा और बड़हड़ा थाना क्षेत्रों में भी ट्रैक्टर और पिकअप चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. गिरफ्तार बदमाशों में वैशाली जिले के यदुनाथ कुमार, राज किशोर सिंह, चन्द्र माधव सिंह, पप्पू सिंह, बिनोद कुमार, नागमणि सिंह, प्रभात कुमार और बेतिया का अकबर अली शामिल है. फरार एक अन्य अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

समस्तीपुर से गिरिजा नंदन शर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >