समस्तीपुर: एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में दिनदहाड़े लूट, इलाके में हड़कंप

Samastipur News: सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग में एसबीआई सीएसपी से चार हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटपाट की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. जानिए खबर विस्तार से…

Samastipur News:जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग गांव स्थित एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. इस दुस्साहसिक वारदात से बैंक कर्मियों, ग्राहकों और स्थानीय व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम है.

दो बाइकों पर सवार होकर आए थे चार नकाबपोश अपराधी

बताया जा रहा है कि दो बाइकों पर सवार होकर चार की संख्या में अपराधी रायपुर बुजुर्ग स्थित सीएसपी पहुंचे थे. केंद्र में प्रवेश करते ही बदमाशों ने हथियार लहराते हुए वहां मौजूद कर्मियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर अपराधियों ने हथियार के बल पर काउंटर में रखे रुपयों की लूटपाट की और हथियार लहराते हुए मौके से आसानी से फरार हो गए.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने सीएसपी और आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी करते हुए अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं. फिलहाल लूटी गई सटीक राशि का खुलासा नहीं हो सका है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित रास्तों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है.

समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >