Samastipur News: समस्तीपुर में भीषण सड़कहादसा: स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

Samastipur News: समस्तीपुर के विभूतिपुर में नरहन-सिंघिया मार्ग पर स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में 21 वर्षीय विजय कुमार की मौत हो गई . घर से महज 100 मीटर पहले हुए इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है.जानिए पूरी खबर…

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहन-सिंघिया मुख्य मार्ग पर रविवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है . यहाँ कापन गांव (वार्ड 5) स्थित हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई . इस भीषण दुर्घटना में एक 21 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया . इस हादसे के बाद मृतक के परिवार और पूरे गांव में कोहराम मच गया है .

नरहन से घर लौट रहे थे दोनों दोस्त

मृतक की पहचान कापन गांव के वार्ड संख्या 5 निवासी कैलाश राम के 21 वर्षीय पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है . वहीं, हादसे में घायल युवक की पहचान इसी गांव के शंकर राम के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है . प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक नरहन बाजार की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर कापन लौट रहे थे . इसी दौरान हनुमान मंदिर के निकट पुलिया के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी.

घर के पास ही थम गईं विजय की सांसें

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अभिषेक कुमार गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा . स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह दर्दनाक हादसा मृतक विजय के घर से महज सौ मीटर की दूरी पर हुआ . विजय के घर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो गाड़ी स्वास्थ्य विभाग के एक सरकारी कर्मचारी की है.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, घायल का इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई . वहीं, सूचना मिलने पर विभूतिपुर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची . पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल अभिषेक कुमार को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है . पुलिस ने मृतक विजय के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी जांच में जुट गई है .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sumit kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >