Samastipur News: समस्तीपुर सदर अस्पताल में महिला स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है. अस्पताल में अब अत्याधुनिक कॉल्पोस्कोपी मशीन से गर्भाशय के कैंसर की जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है. सबसे बड़ी और राहत की बात यह है कि निजी क्लीनिकों में हजारों रुपये में होने वाली यह जटिल जांच सदर अस्पताल में गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाओं के लिए पूरी तरह से नि:शुल्क की जाएगी.
तीन साल पुरानी व्यवस्था हुई और भी आधुनिक और सटीक
अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल में पिछले तीन सालों से गर्भाशय के कैंसर की जांच की जा रही थी. हालांकि, पहले की पद्धतियों की तुलना में अब इस नई कॉल्पोस्कोपी मशीन के आ जाने से जांच का स्तर बेहद आधुनिक, सटीक और उन्नत हो गया है. इस डिजिटल मशीन की मदद से गर्भाशय के मुंह में होने वाले शुरुआती बदलावों और संदिग्ध कोशिकाओं की पहचान बेहद आसानी और बारीकी से की जा सकेगी.
डॉ. साक्षी झा और स्टाफ नर्स पल्लवी ने की पहली जांच
इस आधुनिक मशीन के चालू होने के मौके पर अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. साक्षी झा द्वारा पहली जांच सफलतापूर्वक संपन्न की गई. इस दौरान उनके साथ स्टाफ नर्स पल्लवी कुमारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहीं. डॉ. साक्षी झा ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि 30 से 65 वर्ष की आयु वर्ग की हर महिला को यह जांच अवश्य करानी चाहिए. समय पर जांच होने से कैंसर को शुरुआती चरण में ही रोककर सटीक इलाज किया जा सकता है. अस्पताल प्रशासन ने क्षेत्र की सभी महिलाओं से इस नि:शुल्क सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है.
समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट
