Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. खालिसपुर स्थित अर्बन केयर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक 16 वर्षीय छात्र की मौत के बाद भारी बवाल हो गया. घटना से गुस्साए आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एनएच 322 (NH 322) पर शव को रखकर सड़क जाम कर दिया. मृतक की पहचान बरुना रसलपुर निवासी लालबाबू राय के पुत्र अमन कुमार यादव (16 वर्ष) के रूप में हुई है.
अनियंत्रित बाइक की टक्कर से घायल हुआ था छात्र
प्राप्त सूत्रों के अनुसार, अमन कुमार दोपहर करीब 2 बजे कोचिंग पढ़कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान एसएच 88 (SH 88) पर पीपल के पेड़ के पास बरुना पुल की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने उसे जोरदार ठोकर मार दी. इस हादसे में अमन बुरी तरह से जख्मी हो गया. स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी निजी अस्पताल ‘अर्बन केयर’ में भर्ती कराया.
अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने शांत कराया मामला
अस्पताल के डॉक्टरों ने अमन को देखते ही मृत घोषित कर दिया. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अस्पताल लाने पर बच्चे की सांसें चल रही थीं और डॉक्टरों की घोर लापरवाही के कारण उसकी जान गई. परिजन करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को समस्तीपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे अंतिम रूप से मृत घोषित किया. इस बात से भड़के लोगों ने अस्पताल पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी. घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाने के कप्तान सह प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक अनिकेत कुमार द्विवेदी, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष और हलइ थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया.
