समस्तीपुर: सीतामढ़ी-हावड़ा स्पेशल ट्रेन में जेवरात चोरी का खुलासा, पांच शातिर गिरफ्तार

Samastipur News: सीतामढ़ी-हावड़ा स्पेशल ट्रेन में हुई जेवरात चोरी मामले का रेल पुलिस ने खुलासा किया है. समस्तीपुर और दरभंगा रेल पुलिस ने पांच अंतर जिला अपराधियों को गिरफ्तार कर पटना से भारी मात्रा में गला हुआ सोना बरामद किया है. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने मंगलवार को समस्तीपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीतामढ़ी-हावड़ा स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 03044) में हुई बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतर जिला गिरोह के पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी का गलाया हुआ भारी मात्रा में सोना भी बरामद किया गया है.

सफर के दौरान गायब हुए थे दो ट्रॉली बैग, पटना से बरामद हुआ सोना

घटना बीते 11 मई की है, जब हावड़ा निवासी दिलखुश झा अपने परिवार के साथ दरभंगा से हावड़ा जा रहे थे. समस्तीपुर जंक्शन से ट्रेन खुलने के बाद उनके एस-6 कोच की सीटों के नीचे रखे दो ट्रॉली बैग अचानक गायब हो गए, जिसमें कीमती जेवरात और कपड़े थे. रेल थाना में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर वैशाली के लालगंज निवासी लक्ष्य तिवारी उर्फ बाबा, पटना के पुनपुन निवासी संतोष कुमार उर्फ ज्वेलर्स, सुनील कुमार, छोटू कुमार और नीरज कुमार उर्फ बैगन को दबोच लिया.

रौशन ज्वेलर्स पर छापेमारी, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पटना के ‘रौशन ज्वेलर्स’ नामक दुकान में छापेमारी की. वहां से गलाकर ठोस रूप में रखा गया करीब 32.740 ग्राम चोरी का सोना बरामद किया गया है. रेल एसपी ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में समस्तीपुर, दरभंगा और हाजीपुर रेल पुलिस के साथ-साथ आरपीएफ और तकनीकी शाखा की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई है. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

समस्तीपुर से अमन गौमत की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >