समस्तीपुर से गिरिजा नंदन शर्मा की रिपोर्ट
Samastipur News: जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के छतनेश्वर गांव में एक 5 माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान छतनेश्वर निवासी मोहम्मद नेजामुद्दीन की 20 वर्षीय पुत्री चांदनी परवीन के रूप में हुई है. इस मामले में मृतका के पिता के बयान पर दामाद, सास, ससुर, देवर और तीन ननदों सहित सात नामजद लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. पिता का आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया था.
अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने चांदनी की शादी कल्याणपुर के इस्लामपुर निवासी मो. शाहिद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से की थी. शादी में उपहार के साथ ₹70 हजार नकद, ढाई लाख के जेवरात और बाइक दी गई थी. आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति शाहिद, सास नसीमुल खातून और देवर-ननद अतिरिक्त दहेज के लिए चांदनी को प्रताड़ित करने लगे. इस विवाद को सुलझाने के लिए पूर्व में दो बार सामाजिक पंचायत भी हुई थी.
सड़क किनारे जंगल में मिली थी बेहोश
दर्ज मामले के अनुसार, 29 मई की सुबह मायके वालों को सूचना मिली कि नकटा से छतनेश्वर जाने वाली सड़क किनारे जंगल में चांदनी बेहोश पड़ी है. परिजन उसे तुरंत उठाकर घर लाए, जहां उसकी मौत हो गई. वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने बताया कि पिता के आवेदन पर सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
