Samastipur News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उदा गांव में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवक का इलाज मुसरीघरारी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जेल चौक निवासी रवि पासवान का 28 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार अपनी पत्नी सीमा कुमारी को परीक्षा दिलवाने के लिए जितवारपुर कुम्हिरा स्थित बीआरकेसी कॉलेज गया था. परीक्षा खत्म होने के बाद जब दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी उदा गांव के पास घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए.
युवक ने दिखाई हिम्मत, बदमाशों की बंदूक पकड़ी तो घोंपा चाकू
बाइक से गिरते ही अपराधियों ने दोनों को घेर लिया और उन पर हथियार तान दिया. इस दौरान जितेंद्र कुमार ने अदम्य साहस और हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश की बंदूक पकड़ ली. खुद को घिरता देख बदमाशों ने पहले जितेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर लहूलुहान कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद जितेंद्र की पत्नी सीमा कुमारी ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी, पीड़ित के बयान का इंतजार
सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाने की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ युवक को तत्काल मुसरीघरारी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शी पत्नी सीमा कुमारी ने रोते हुए बताया कि बदमाशों ने अचानक हमला कर उनके पति को चाकू मार दिया. इस संबंध में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
समस्तीपुर से गिरजानंदन शर्मा की रिपोर्ट
