मोहिउद्दीननगर (समस्तीपुर) से राजीव रंजन की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर गंगा घाट पर गुरुवार की अहले सुबह बड़ा हादसा हो गया. लोगों से भरी एक डेंगी नाव गंगा नदी में डूब गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. नाव पर सवार लोग खेती-बाड़ी और परवल तोड़ने के लिए दियारा इलाके जा रहे थे. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नाव पर कुल 14 लोग सवार थे. नाव सुल्तानपुर घाट से कुछ ही दूरी पर पहुंची थी कि तेज हवा और नदी में बने भंवर की चपेट में आ गई. बताया जा रहा है कि नाव ओवरलोड होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गई.
सात लोगों ने तैरकर बचाई जान
हादसे के बाद नाव पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई. सात लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई. इनमें मासूम कुमार, राहुल कुमार और ममता देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं. वहीं चार लोगों की तलाश अभी भी जारी है.
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
इस हादसे में पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित मासूमगंज बिंद टोली निवासी श्रवण महतो, काशी महतो और नीलम कुमारी उर्फ लाली कुमारी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
बचाव कार्य में जुटी SDRF और NDRF
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया. एडीएम आपदा प्रबंधन राजेश कुमार सिंह, एसडीएम विकास पांडेय और डीएसपी बीके मेधावी के नेतृत्व में SDRF और NDRF की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है. स्थानीय गोताखोर भी लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं.
