समस्तीपुर: सरकारी स्कूलों में जूनभर चलेगा विशेष समर कैंप, खेल-खेल में पढ़ाई सीखेंगे बच्चे

Samastipur News: समस्तीपुर में पढ़ाई में कमजोर बच्चों के लिए 1 जून से विशेष भाषा और गणित समर कैंप शुरू होगा. “प्रथम” संस्था के सहयोग से चलने वाले इस कैंप में खेल-खेल में बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक समझ को मजबूत किया जाएगा. पढे़ें पूरी खबर…

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई में कमजोर बच्चों के लिए शिक्षा विभाग ने खास पहल शुरू की है. कक्षा 5 और 6 के ऐसे छात्र-छात्राएं, जिन्हें भाषा पढ़ने या बुनियादी गणित समझने में दिक्कत हो रही है, उनके लिए जून महीने में विशेष समर कैंप लगाया जाएगा. इस कैंप का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक समझ को मजबूत कर उन्हें मुख्यधारा की पढ़ाई से जोड़ना है.

1 जून से 30 जून तक समर कैंप

शिक्षा विभाग के निर्देश पर यह विशेष “भाषा एवं गणितीय समर कैंप” 1 जून से 30 जून तक आयोजित होगा. इस कार्यक्रम का संचालन “प्रथम” संस्था के सहयोग से किया जाएगा. कैंप आवासीय और गैर-आवासीय दोनों स्वरूप में चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें.

खेल-खेल में पढ़ाई पर रहेगा जोर

इस अभियान को सफल बनाने के लिए बुधवार को जिला स्तर पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें जिले के सभी केआरपी, शिक्षा सेवक और तालीमी मरकज के शिक्षा स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया. यही लोग गांव और स्कूल स्तर पर बच्चों को प्रशिक्षण देंगे. कार्यशाला में “प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन” के जिला समन्वयक सुधीर कुमार ने बताया कि बच्चों को खेल-खेल में भाषा और गणित सिखाने की तकनीक अपनाई जाएगी. रोचक गतिविधियों और आसान तरीकों से बच्चों के मन से पढ़ाई का डर खत्म करने पर फोकस रहेगा.

हर बच्चे की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश

बिहार शिक्षा परियोजना के अधिकारियों ने सभी शिक्षा सेवकों और स्वयंसेवकों को निर्देश दिया कि समर कैंप में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए. अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा बुनियादी शिक्षा में पीछे न रह जाए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >