Samastipur News: अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला खानपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ सोमवार को अपराधियों ने एक मुर्गा दुकानदार की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद खानपुर बाजार और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
बाजार के समीप बंसबारी में मिली लाश
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब दस बजे स्थानीय लोगों ने खानपुर बाजार स्थित एक बंसबारी में युवक का खून से लथपथ शव देखा. मृतक की पहचान खानपुर बाजार निवासी मोहम्मद रुस्तम के पुत्र आजाद के रूप में हुई है. आजाद बाजार में ही मुर्गे की दुकान चलाता था. घटना की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
हत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना खानपुर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची और साक्ष्य एकत्रित किए. प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या किसी पुरानी दुश्मनी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी भी नतीजे पर पहुँचने से बच रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
परिजनों में मचा कोहराम
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय बाजार के दुकानदारों में भी असुरक्षा की भावना देखी जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों से पूछताछ कर अपराधियों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है. फिलहाल पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
