Samastipur News: जिला अंतर्गत खानपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां पिरखपुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी के संगम घाट पर स्नान करने गए पांच दोस्तों में से एक 18 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक का शव नदी से बाहर निकाला जा सका.
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा इकलौता होनहार बेटा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिरोपट्टी निवासी किसान राजेश राम का होनहार पुत्र जय प्रकाश कुमार अपने चार दोस्तों के साथ पिरखपुर स्थित संगम घाट पर स्नान करने गया था. नहाने के दौरान सभी दोस्त अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगे. तीन दोस्तों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन जय प्रकाश तेज बहाव में लापता हो गया. स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव निकाला, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पिता ने हाल ही में बेटे का दाखिला ‘फॉरेंसिक साइंस’ की उच्च शिक्षा के लिए कराया था.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया: थानाध्यक्ष
घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. मामले के संदर्भ में खानपुर थाना अध्यक्ष शिवपूजन कुमार ने बताया कि घटना बेहद दुखद है. पुलिस ने परिजनों की सहमति और पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है. लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट
