Samastipur News: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वासुदेवपुर गांव से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहाँ सोमवार (08 जून 2026) की सुबह खेल-खेल में घर के झूले से गिरकर मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक बालक की पहचान वासुदेवपुर गांव के वार्ड संख्या 3 निवासी रंधीर राय के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में की गई है. इस हादसे के बाद से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह सोमवार की सुबह मासूम अपने घर के आंगन में लगे रस्सी के झूले पर झूल रहा था. इसी दौरान अचानक झूलने के क्रम में उसका शारीरिक संतुलन बिगड़ गया और वह झूले से छिटककर सीधे पक्के फर्श पर बेहद गंभीर रूप से नीचे गिर पड़ा. सिर और आंतरिक अंगों में गहरी चोट लगने के कारण बालक तुरंत ही बेहोश हो गया.
घर के कामकाज में व्यस्त थे परिजन
जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय आदित्य की मां और परिवार के अन्य सदस्य घर के कामकाज निबटाने में व्यस्त थे. कुछ देर बाद जब बालक की मां काम खत्म कर अपने लाडले के पास पहुंची, तो जमीन पर बच्चे को देखकर उनके होश उड़ गए. मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर में पूरी तरह अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल लेकर दौड़े घरवाले
ग्रामीणों की मदद से परिजन मासूम आदित्य को अपनी गोद में उठाकर आनन-फानन में इलाज के लिए तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने तुरंत बच्चे गहन जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
चिकित्सकों के अनुसार, संभवतः गिरने के तुरंत बाद ही अंदरूनी चोट या दम घुटने के कारण बच्चे की मौत हो चुकी थी. अस्पताल में जैसे ही डॉक्टरों ने बच्चे की मौत की आधिकारिक पुष्टि की, वैसे ही अस्पताल परिसर मां और पिता के विलाप से गूंज उठा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, मां अपने बेटे के शव से लिपटकर बार-बार बेहोश हो जा रही है.
समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट
