Samastipur: जयमाला के समय पहुंची पहली पत्नी, दूल्हे की जमकर धुनाई, बाराती फरार

Samastipur News: समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी में दूसरी शादी करने पहुंचे दूल्हे की पहली पत्नी ने जयमाला के वक्त पिटाई कर दी. ग्रामीणों के आक्रोश को देख बाराती फरार हो गए, जबकि दूल्हे के पिता और चाचा को बंधक बना लिया गया है. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: नगर परिषद क्षेत्र के लोदीपुर धीर मुहल्ला में बुधवार की रात एक शादी समारोह में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. अपनी पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करने पहुंचे एक दूल्हे की जयमाला के स्टेज पर ही जमकर पिटाई हो गई. दरअसल, वैशाली के प्राणपुर निवासी पंकज कुमार की शादी लोदीपुर में हो रही थी. समारोह में करीब 40 बाराती आए थे, लेकिन जैसे ही जयमाला का समय आया, दूल्हे की पहली पत्नी नीलम देवी वहां पहुंच गई.

स्टेज पर पकड़ा कॉलर, ग्रामीणों ने भी धोया

नीलम देवी ने स्टेज पर चढ़कर दूल्हे का कॉलर पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी. यह नजारा देख बाराती मौका पाकर वहां से भाग निकले. ग्रामीणों का गुस्सा भी फूट पड़ा और उन्होंने बारातियों को खदेड़कर पीटा. इस दौरान दूल्हे का सिर फट गया. ग्रामीणों ने दूल्हे के पिता और चाचा को बंधक बना लिया है और शादी में हुए खर्च की वापसी की मांग कर रहे हैं.

तमिलनाडु में हुई थी लव मैरिज

नीलम ने बताया कि 6 साल पहले तमिलनाडु में एक कंपनी में काम करने के दौरान उसने पंकज से शादी की थी. वह पहले से तलाकशुदा थी और एक बच्चे की मां थी. पंकज के साथ रहने के दौरान उनका एक और बच्चा हुआ. पंकज उसे बिना बताए चुपके से दूसरी शादी करने पहुंचा था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे व उसकी पत्नी को थाने ले गई है. फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है.

समस्तीपुर से अभय सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >