समस्तीपुर: प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम, चुनाव ड्यूटी का भुगतान न होने पर थमेंगे गाड़ियों के पहिए

Samastipur News: समाहरणालय में नाराज वाहन मालिकों ने चुनाव ड्यूटी में लगे 4000 वाहनों का भुगतान अटकने पर जोरदार प्रदर्शन किया. जिला मोटर व्यवसायी संघ ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर 10 दिनों में आंदोलन की चेतावनी दी है. जानिए पूरी खबर…

Samastipur News:  बिहार विधानसभा चुनाव कार्य में लगाए गए वाहनों के भुगतान का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. लंबे समय से लंबित मुआवजे को लेकर वाहन मालिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. इसी सिलसिले में जिला मोटर व्यवसायी संघ समस्तीपुर के जिलाध्यक्ष संजय कुमार और महासचिव संजीव सुमन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वाहन मालिक समाहरणालय पहुंचे. उन्होंने जिलाधिकारी (डीएम) को एक ज्ञापन सौंपकर चुनाव कार्य में अधिग्रहित किए गए वाहनों का लंबित भुगतान अविलंब करने की मांग की.

4 हजार वाहनों का पैसा फंसा, भुखमरी के कगार पर व्यवसायी

मोटर व्यवसायियों का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान समस्तीपुर जिला प्रशासन ने चुनावी ड्यूटी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब चार हजार वाहनों का अधिग्रहण किया था. चुनाव संपन्न हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक वाहन स्वामियों को उनकी मुआवजा राशि की फूटी कौड़ी भी नसीब नहीं हुई है. संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि समय पर भुगतान न होने से वाहन मालिक लंबे समय से गंभीर आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं. गाड़ियों की ईएमआई, टैक्स और मेंटेनेंस का खर्च निकालना भी अब मुश्किल हो रहा है.

10 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो होगा चरणबद्ध आंदोलन

वाहन मालिकों ने उम्मीद जताई थी कि चुनावी प्रक्रिया खत्म होने के तुरंत बाद प्रशासन उनके बकाए का निपटारा कर देगा, लेकिन इतने महीनों बाद भी जिला स्तर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है. मोटर व्यवसायियों ने जिला प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि अगले दस दिनों के भीतर उनके लंबित बिलों का भुगतान शुरू नहीं किया गया, तो सभी वाहन मालिक चक्का जाम और चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे. इस अल्टीमेटम के बाद अब सबकी नजरें समस्तीपुर जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं.

समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >