समस्तीपुर से अंकुर कुमार की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. मुसरीघरारी थाना के डायल 112 में तैनात पुअनि विनोद कुमार सिंह को शराब सेवन के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई की.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में आरोप लगाया गया था कि डायल 112 में तैनात पुलिस पदाधिकारी नशे की हालत में गश्ती कर रहे थे. मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
एसपी ने दिए जांच के आदेश
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज को जांच की जिम्मेदारी सौंपी. जांच के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारी पर लगे आरोपों की पुष्टि हुई.
शराब सेवन की पुष्टि के बाद कार्रवाई
जांच रिपोर्ट और थानाध्यक्ष की ओर से भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि पुअनि विनोद कुमार सिंह ने शराब का सेवन किया था. बिहार में लागू शराबबंदी कानून के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन भत्ता पर निलंबित कर दिया.
विभागीय कार्रवाई भी होगी
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में आगे विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी. पुलिस विभाग ने साफ संकेत दिया है कि अनुशासनहीनता और शराबबंदी कानून के उल्लंघन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
