समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शिक्षा विभाग अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. स्कूलों में पढ़ाई छोड़कर मोबाइल चलाने, रील बनाने और ड्यूटी के दौरान सोने की शिकायतों के बीच जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने सख्त निर्देश जारी किया है. आदेश के बाद जिले के शिक्षकों के बीच हलचल तेज हो गई है.
वायरल वीडियो की वजह से हुई कार्रवाई
शिक्षा विभाग को पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कई सरकारी स्कूलों में शिक्षक-शिक्षिकाएं कक्षा में पढ़ाने के बजाय मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं. कुछ मामलों में स्कूल परिसर में रील बनाने और क्लासरूम में सोने तक की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए. इन घटनाओं के बाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे.
डीईओ ने जारी किया सख्त निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीईओ ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया है. इसमें स्पष्ट कहा गया है कि विद्यालय अवधि के दौरान केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर ध्यान दिया जाए. किसी भी शिक्षक को गैर-जरूरी कार्यों में समय बिताने की अनुमति नहीं होगी.
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
निर्देश में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि कोई शिक्षक कक्षा छोड़कर अन्य कार्य करते, मोबाइल पर रील बनाते या स्कूल में सोते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने सभी अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने का भी निर्देश दिया है.
अभिभावकों ने फैसले का किया स्वागत
शिक्षा विभाग के इस कदम को अभिभावकों ने सकारात्मक बताया है. उनका कहना है कि इससे स्कूलों में पढ़ाई का माहौल बेहतर होगा और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी. वहीं आदेश के बाद लापरवाह शिक्षकों में बेचैनी देखी जा रही है.
