समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
Samastipur News: दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा पंचायत के कागपुर चौर में गुरुवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान कागपुर निवासी तिरवेणी राय के पुत्र अजित कुमार के रूप में हुई है. शव संदिग्ध हालत में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
सुबह चौर में मिला शव
ग्रामीणों ने सुबह चौर में युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद परिवार और पुलिस को सूचना दी गई. घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
रात में काम से निकला था युवक
मृतक के बड़े भाई चंदन कुमार राय ने बताया कि अजित पिछले छह वर्षों से विजयवंत एंड संस पेट्रोल पंप में काम करता था. बुधवार रात करीब 10 बजे वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा. गुरुवार सुबह उसकी बाइक सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली, जबकि कुछ दूरी पर चौर में शव बरामद हुआ.
शरीर पर चोट के निशान
परिजनों का कहना है कि अजित के नाक से खून निकल रहा था. गले पर दबाव के निशान थे और सिर पर भी गंभीर चोट मिली है. इन परिस्थितियों को देखते हुए परिवार हत्या की आशंका जता रहा है. अजित पांच भाइयों में सबसे छोटा था. दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसका एक साल का बेटा भी है. बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.
