समस्तीपुर के दलसिंहसराय से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर के दलसिंहसराय इलाके में जंगली सुअरों का आतंक अब जानलेवा बनता जा रहा है. गुरुवार सुबह बसढ़िया गांव में खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
खेत में काम के दौरान हुआ हमला
मृतक की पहचान बसढ़िया पंचायत वार्ड 10 निवासी 60 वर्षीय महादेव सिंह के रूप में हुई है. बताया गया कि वे सुबह अपने बैंगन के खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया. आसपास मौजूद किसानों ने शोर मचाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से घायल हो चुके थे.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
खेतों में जाना छोड़ रहे किसान
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इलाके में जंगली सुअरों का आतंक बढ़ गया है. रात में ये सुअर फसल बर्बाद कर देते हैं और खेतों में काम करने वालों पर हमला कर रहे हैं. घटना के बाद गांव में डर का माहौल है और कई किसानों ने खेतों में जाना कम कर दिया है.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
प्रखंड प्रमुख संजीव कुमार सिंह और मुखिया हेमंत सहनी ने वन विभाग और प्रशासन से जंगली सुअरों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की समीक्षा कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है.
