समस्तीपुर: आर्केस्ट्रा में काम करने वाली महिला की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

Samastipur News: दलसिंहसराय में किराये के मकान में रहने वाली आर्केस्ट्रा कर्मी महिला की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी है. पति से विवाद की बात सामने आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है. पढे़ं पूरी खबर…

समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. शहर के सरदारगंज चौक बस स्टैंड के सामने स्थित एक किराये के मकान में रहने वाली आर्केस्ट्रा कर्मी महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

किराये के मकान में मिली महिला की लाश

मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से झारखंड की रहने वाली थी और अपने पति सूरज कुमार के साथ दलसिंहसराय में किराये के मकान में रह रही थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.

पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद पति घर छोड़कर कहीं चला गया था. इसी दौरान महिला के आत्महत्या करने की बात सामने आई है. हालांकि घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >