Samastipur News: जमीन के लिए भाई बना कसाई, 26 धुर जमीन के विवाद में पीट-पीटकर ले ली जान, आरोपी गिरफ्तार

Samastipur News: दलसिंहसराय में 26 धुर जमीन के विवाद में सगे भाई ने चंदेश्वर महतो की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद से गांव में मातम और तनाव है.पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: जमीन की भूख ने रिश्तों का कत्ल कर दिया है. समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पांड पंचायत के पक्षीयारी टोल में एक सगे भाई ने अपने ही भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. 26 धुर जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार देर शाम खूनी संघर्ष में बदल गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है.

शौचालय निर्माण रोकने पर हुआ हमला

मृतक की पहचान राम विलास महतो के 45 वर्षीय पुत्र चंदेश्वर महतो के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, चंदेश्वर और उनके भाई विशेषश्वर महतो के बीच 26 धुर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार शाम विशेषश्वर उसी विवादित जमीन पर शौचालय का निर्माण करा रहा था. जब चंदेश्वर ने वहां पहुँचकर काम रुकवाने की कोशिश की, तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विशेषश्वर ने ईंट-रोड़े और डंडे से चंदेश्वर पर हमला कर दिया.

इलाज के लिए दरभंगा ले जाने के दौरान मौत

हमले में चंदेश्वर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. आनन-फानन में उन्हें दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. बुधवार को दरभंगा ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. मृतक पेशे से ड्राइवर थे और अपने पीछे पत्नी नीलम देवी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं.

आरोपी भाई पुलिस की गिरफ्त में

घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय पुलिस ने सक्रियता दिखाई और मंगलवार की रात ही आरोपी भाई विशेषश्वर महतो को धर दबोचा. थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है. इस घटना के बाद से पूरे गांव में तनाव और मातम का माहौल है.

समस्तीपुर के दलसिंगसराय से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >