समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
Samastipur News: जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने बीच सड़क पर एक युवक पर पिस्तौल तान दी. मामूली विवाद के बाद हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है. चौंकाने वाली बात यह है कि अपराधी की यह करतूत पास के एक होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है.
मामूली बहस और फिर जान से मारने की धमकी
पीड़ित की पहचान कोनेला निवासी गोविंद राय के रूप में हुई है, जो एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट के तौर पर काम करते हैं. घटना के संबंध में बताया गया कि एनएच-28 स्थित डैनी चौक पर गोविंद ने पूछताछ के लिए एक बाइक को रोका था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे दूसरे बाइक सवार बदमाशों से उनकी बहस हो गई. आक्रोशित बदमाशों ने गोविंद का पीछा किया और एसएच-88 पर एक होटल के पास उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया. इसके बाद एक बदमाश ने जेब से पिस्तौल निकाली और गोविंद पर तानते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा.
सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की करतूत
घटना के समय मौके पर भीड़ जुटने लगी, जिसे देख बदमाश अपनी बाइक से पांड की ओर फरार हो गए. पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना दलसिंहसराय थाना पुलिस को दी. थानाध्यक्ष इरशाद आलम ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान लगभग कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
