Samastipur: संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, नाव, एसडीआरएफ और मेडिकल कैंप की तैयारी

समस्तीपुर में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। मोहिउद्दीननगर और मोहनपुर प्रखंडों में राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई है। नावों, एसडीआरएफ टीमों, पशु चारे और मेडिकल कैंपों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Samastipur Flood Alert: संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को मोहिउद्दीननगर प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति भवन में आपदा प्रबंधन विभाग की महत्वपूर्ण बैठक हुई. अध्यक्षता अपर समाहर्ता राजेश कुमार सिंह ने की. बैठक में मोहिउद्दीननगर एवं मोहनपुर प्रखंड में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी.

अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियां पूरी रखें.

नाव और एसडीआरएफ की तैनाती की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में विशेष रूप से मोहनपुर अंचल में एसडीआरएफ की टीम के आवासन की व्यवस्था, पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता और उनके सुरक्षित परिचालन पर चर्चा की गयी.

गंगा और वाया नदियों के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया.

पशुओं के लिए चारा और राहत शिविर की व्यवस्था

बाढ़ की स्थिति में पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया. अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में पशुचारा उपलब्ध रखने और पशु राहत शिविरों के संचालन की तैयारी पहले से पूरी करने का निर्देश दिया गया.

मेडिकल कैंप और दवाओं का पर्याप्त भंडारण

मानव स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया. प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार मेडिकल कैंप संचालित करने और पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया.

बैठक में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रेबीज दवाओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया.

शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

बैठक में आपदा संपूर्ति पोर्टल पर आवश्यक सूचनाओं को नियमित रूप से अद्यतन करने तथा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई.

मौके पर अंचल अधिकारी विवेक कुमार सिंह, संतोष कुमार, बीडीओ डॉ. नवकंज कुमार, निगम झा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजू कुमार, दिलीप रजक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें

Samastipur News: कर्पूरीग्राम में ट्रक से 2340 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, चालक और धंधेबाज फरार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >