समस्तीपुर: मां काली मंदिर में 10 लाख की बड़ी चोरी, ताला तोड़ गहने और दान पेटी ले उड़े चोर

Samastipur Kali Temple theft: दलसिंहसराय में रामपुर जलालपुर स्थित माँ काली मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने 10 लाख से अधिक के गहने और दान पेटी उड़ा ली.घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. जानिए पूरी खबर…

समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट

Samastipur Kali Temple theft: जिले के दलसिंहसराय शहर अंतर्गत रामपुर जलालपुर स्थित माँ काली मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है.चोर मंदिर के मुख्य कपाट का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और गर्भगृह से माँ काली के कीमती गहने समेत दान पेटी उड़ा ले गए.चोरी गए आभूषणों और दान पेटी की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है.इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है.

तेल डिपो चौक वार्ड-18 की घटना 

यह वारदात रामपुर जलालपुर के तेल डिपो चौक स्थित वार्ड संख्या-18 के माँ काली मंदिर की है.स्थानीय लोगों ने बताया कि इस भव्य मंदिर में महज एक साल पहले ही माँ काली की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी.हर दिन की तरह शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु सुबह की पूजा-अर्चना और जल ढारने के लिए मंदिर परिसर पहुंचे,तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला.इसके साथ ही गेट पर लगी लोहे की मोटी सिकरी (जंजीर) भी अपनी जगह से पूरी तरह गायब थी.

जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

 श्रद्धालु जब मंदिर के अंदर गर्भगृह में दाखिल हुए तो माँ काली के शरीर पर सजे सोने-चांदी के सभी आभूषण गायब थे.साथ ही मंदिर परिसर में रखी भारी-भरकम दान पेटी भी चोर उठा ले गए थे.दान पेटी में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए बड़ी मात्रा में नकदी होने की बात कही जा रही है.सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी.पुलिस मंदिर और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >